आजमगढ़। वंदन योजना के तहत मेंहनगर नगर पंचायत के लखरांव तालाब का सुंदरीकरण होगा। इसके लिए 1 करोड़ 39 लाख 41 हजार रुपये से विकास कार्य और जनसुविधाओं का विकास होगा। शासन की ओर से पहली किस्त के रूप में 35 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं।
10 अक्तूबर, 2023 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक में शहरी निकायों में स्थित सांस्कृतिक, पौराणिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के विकास के लिए ‘वंदन’ योजना को मंजूरी दी गई थी। इसके तहत इन स्थलों पर लाइटिंग, पेयजल, टॉयलेट, साफ-सफाई, लिंक रोड और बेंच सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बनी कमेटी प्रत्येक वर्ष ऐसे 2-2 स्थलों का चयन करती है। इस योजना के तहत ऐसे स्थलों पर संपर्क मार्ग, विश्राम स्थल, शेड, पेयजल व्यवस्था, लाइटिंग, पेंटिंग, इंटरलॉकिंग, परिक्रमा पथ, घाटों का निर्माण आदि कार्यों को पर्यटन विभाग से समन्वय कर कराया जाता है। इस योजना में वित्तीय वर्ष 2023-24 में 50 करोड़ रुपये की व्यवस्था भी की गई। इसके अलावा पर्यटन विभाग, सीएसआर मद, सांसद-विधायक निधि और नगर निकाय विभाग के बजट से भी इन स्थलों को विकसित किया जा सकेगा। योजना के तहत जनपद से भी दो जगहों का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। इसमें से मेंहनगर नगर पंचायत के लखरांव तालाब के सुंदरीकरण को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। यहां कार्य कराने के लिए शासन स्तर से बजट स्वीकृत किया गया है। इसमें से शासन ने 35 लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी है।
00
लखरांव तालाब पर होंगे ये कार्य
कार्य लागत
विश्रामालय/रैन बसेरा 39.17 लाख
शेड 38.59 लाख
बेंच/वाटर कियोस्क 11.56 लाख
लाइटिंग 22.15 लाख
सीसी रोड 27.94 लाख
00
मैं इस समिति में सदस्य हूं। दो जगहों का प्रस्ताव भेजा गया था। लखरांव तालाब का सुंदरीकरण का नोडल नगर पंचायत है। उसके द्वारा ही कार्य कराए जाएंगे।
रुपेश कुमार गुप्ता, पर्यटन सूचना अधिकारी।