राष्ट्रीय साहित्य कला संस्थान की ओर से नगर के हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल में आयोजित 15वें रंग महोत्सव की तीसरी शाम नाटक और नृत्य से सजी रही। यह शाम वरिष्ठ रंगकर्मी ओमप्रकाश पांडेय को समर्पित रही। कार्यक्रम का आकर्षण जीवन संगिनी नाटक की भावपूर्ण प्रस्तुति रही। इसके अलावा गीत और नृत्य की भी प्रस्तुति की गई। महोत्सव में मुंबई से आए फिल्म अभिनेता अवधेश मिश्रा को "कला श्री" और गायक प्रभात सिंह को "आजमगढ़ गौरव सम्मान" दिया गया।
तीसरे दिन बुधवार को नृत्य की कुल 34 प्रस्तुतियां हुईं और पांच नाटकों का मंचन हुआ। ओसोम का बीहू, उड़ीसा के प्रिया डांस एकेडमी उड़ीसी की ओर से शास्त्रीय नृत्य, झारखंड की शारदा नाट्य मंच द्वारा एकल शास्त्रीय नृत्य पेश किया गया। जीयनपुर के कैफी संगीत एकेडमी की वेस्टर्न डांस आदि प्रस्तुतियां मुख्य रहीं। नाटकों में झारखंड रिगालो, जमशेदपुर ने नाटक डिफेंस लेस क्रियेचर का मंचन किया तो शारदा नाट्य मंच धनबाद ने 'अंत लम्हे नाटक का' मंचन किया।
अभिनेता अवधेश मिश्र और रंगकर्मी रोजा ने जीवन संगिनी का जीवंत मंचन किया। नाटक प्रेम प्रसंग पर आधारित है जिसमें एक महिला पत्रकार साक्षात्कार के दौरान अंधे अभिनेता से बातकर उनकी व्यथा से द्रवित हो जाती है। छोटी सी मुलाकात में दोनों एक-दूसरे को अपना विचार साझा करते हैं।
फर्रुखाबाद से आए नक्श फाउंडेशन द्वारा संचालित नक्श थियेटर की प्रस्तुति 'काल कोठरी' का मंचन किया गया। यह नाटक स्वदेश दीपक द्वारा लिखा गया है जिसका निर्देशन अमित सक्सेना ने किया। यह कहानी रंगमंच के कलाकारों के इर्द-र्गिद घूमती है और उनकी जिंदगी में आने वाली कठिनाइयों, उनके सपने और जीविका को चलाने के लिए आने वाली जद्दोजहद को दर्शाया गया।
महोत्सव में मुंबई से आए फिल्म अभिनेता अवधेश मिश्रा को "कला श्री" सम्मान से सम्मानित किया गया और गायक प्रभात सिंह को "आजमगढ़ गौरव सम्मान" दिया गया। प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव, सिद्धार्थ सिंह, अवधराज यादव, राजेंद्र अग्रवाल, अशोक श्रीवास्तव, रमाकांत वर्मा, मनोज बरनवाल, विजय लक्ष्मी मिश्रा आदि मौजूद रहे।