जहानागंज। बडौराखुर्द गांव के कोटेदार ने बृहस्पतिवार को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शुक्रवार की सुबह शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बडौरा खुर्द निवासी अवधेश राम (55) 2002 से गांव का कोटेदार था। बृहस्पतिवार को अन्न महोत्सव के तहत उसके कोटे पर भी राशन वितरण हो रहा था। इस दौरान गांव के लोगों ने उससे पिछले दो माह के राशन का वितरण करने मांग शुरू कर दी। इस बात पर उसके कोटे पर घंटों हंगामा चलता रहा। परिजनों के अनुसार लोगों का दबाव वह झेल नहीं सका और उसने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना की जानकारी होते ही परिजन आनन-फानन में उसे लेकर राजकीय मेडिकल कालेज पहुंचे। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पर भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिजन जिला मुख्यालय स्थित प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां देर शाम उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले गए और पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शुक्रवार की सुबह शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक दो पुत्र व दो पुत्रियों का पिता था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।