आजमगढ़। जिले के बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड के आरोपियों को 10 घंटे के पुलिस रिमांड पर दिए जाने का आदेश कोर्ट से हो गया है। गुरुवार को सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक आरोपित पुलिस रिमांड पर रहेंगे। इस दौरान यदि आरोपित चाहे तो अपने वकील को भी साथ रह सख्ते है। मुख्य आरोपी ने अभी दो दिनों पूर्व ही सीजेएम कोर्ट में समर्पण किया है।
चार माह पूर्व मेंहनगर के सिंहपुर से बारात ले कर लालगंज कस्बा जा रहे दूल्हा सुमित गुप्ता की मसीरपुर तिराहे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृत दूल्हे की भाभी ने लालगंज कस्बे के हनुमानगढ़ी निवासी अमित सोनकर उर्फ मुुलयम व उसके साथी शाह कमर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को लेकर एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आए। मुख्यमंत्री तक मामला पहुंचा और सीएम से क्लास लगने के बाद पुलिस महकमे ने हत्यारोपियों पर 50 हजार का ईनाम भी घोषित कर दिया। इसके बाद भी ये पुलिस की पकड़ में नहीं है। सोमवार को मुख्यमंत्री जिले में थे और मुख्य आरोपी अमित सोनकर ने सीजेएम कोर्ट में पहुंच कर समर्पण कर दिया। इसके बाद विवेचक ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेने के लिए सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रद्धा त्रिपाठी ने गुरुवार को सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक के रिमांड पर देने का आदेश दिया।