मेजवां। फूलपुर तहसील के खुरासन रोड से मेजवां गांव तक कैफी आजमी मार्ग को फिर से बनाने के लिए शासन ने मंजूरी दे दी है। 80 लाख रुपये की लागत से इस 2.20 किमी जर्जर सड़क को फिर से बनाया जाएगा। अभिनेत्री शबाना आजमी की पहल पर यह स्वीकृति मिली है और पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपये भी जारी कर दिए गए हैं।
यह मार्ग सुदनीपुर, चकनूरी, जौमा, तकिया, मेजवां, बक्शपुर, दुलारपुर, पूरा गड़ेरिया, डारीडीह, अंजान शहीद, पूरा हाशिम, पूरा भिखारी, वैसाडीह, हैदरीपुर, पूरा नूरन, हेमईपुर, मुंडवर, भड़ेरिया, सिंगारपुर, डिघिया, भेड़िया, ईसापुर, पड़ीराव सहित कई गांवों को जोड़ता है। मार्ग के निर्माण से इन गांवों के हजारों लोगों की आवाजाही आसान होगी।
कैफी आजमी के पैतृक गांव मेजवां तक जाने वाली यह सड़क लंबे समय से जर्जर थी और गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी हो रही थी। 11 नवंबर 2024 को अमर उजाला में फूलपुर-मेजवां मार्ग जर्जर, गड्ढों में तब्दील, राहगीर परेशान शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद मामले ने तूल पकड़ा।
इसके बाद मुख्य अभियंता योगेंद्र सिंह ने अवर अभियंता केके राय और अन्य अधिकारियों के साथ मार्ग का निरीक्षण किया। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने शासन को प्राक्कलन भेजाऔर शबाना आजमी ने प्रमुख सचिव से वार्ता कर मार्ग निर्माण की मांग को बल दिया। शासन ने उच्चीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 80 लाख रुपये स्वीकृत किए। अवर अभियंता केके राय ने बताया कि शासन से इस मार्ग की मरम्मत के लिए धन स्वीकृत हो चुका है। जल्द ही टेंडर कराकर मार्ग का नवीनीकरण कराया जाएगा।