आजमगढ़। रोहित वेमुला के परिवार को न्याय दिलाने सहित कन्हैया कुमार को रिहा किए जाने की मांग को लेकर गुरुवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) जिला कमेटी सहित जनवादी संगठनों ने रिक्शा स्टैंड पर धरना दिया।
इस दौरान वक्ताओं ने रोहित को न्याय दो, कन्हैया को रिहा करो, पटियाला कोर्ट में गुंडागर्दी करने वालों पर देशद्रोह का मुकदमा कायम हो... आदि के नारे लगाए। धरने को संबोधित करते हुए जयप्रकाश नारायण ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने छात्रों-नौजवानों के ऊपर सुनियोजित हमला विश्वविद्यालयों में करा रही है।
हैदराबाद विश्वविद्यालय के गरीब दलित शोध छात्र की सांस्थानिक हत्या के खिलाफ छात्रों, नौजवानों की अगुवाई करने वाले जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ के नेताओं को अब साजिशन देशद्रोह के मुकदमे में फंसाया जा रहा है। इसी क्रम में जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया को फर्जी मुकदमे में गिरफ्तार किया गया।
हरिमंदिर पांडेय ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी भगत सिंह की देशभक्ति की वारिस है। उसे सावरकर और गोडसे की संतानों से देशभक्ति नहीं सीखनी है। धरने को वेद प्रकाश उपाध्याय, मास्टर राम दवर, मसीउद्दीन, अनिल राय, सच्चिदानंद राय आदि ने संबोधित किया। धरने में जियालाल, इम्तियाज बेग, हामिद अली, डा. रामनारायण, वसीर मास्टर, दुर्बली राम, रामज्ञा आदि थे।