रेलवे स्टेशन पर गोदान एक्सप्रेस से उतरते समय यात्री के बैग से करीब 40 लाख रुपये कीमत के जेवर और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। मुंबई से परिवार के साथ घर में शादी समारोह में शामिल होने आ रहे यात्री ने जीआरपी थाने में तहरीर दी है। जीआरपी पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के हरिऔध नगर निवासी सूरज राय अपनी पत्नी सेजल राय और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ 16 नवंबर को गोदान एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 11055 से आजमगढ़ पहुंचे थे। पीड़ित के मुताबिक, वह बी-3 कोच में सफर कर रहे थे।
स्टेशन पर उतरने के लिए सामान गेट के पास इकट्ठा कर रहे थे, तभी चार अज्ञात व्यक्ति उनके सामान के पास आकर खड़े हो गए। सामान नीचे उतारने के बाद संदेह होने पर सूरज राय ने अपने बैग की जांच की तो उसमें रखे आभूषण और नकदी गायब मिले।
पीड़ित ने चोरी हुए जेवरों की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई है। घटना के बाद उन्होंने जीआरपी थाना आजमगढ़ में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
जीआरपी थाना प्रभारी तरुण कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।