आजमगढ़। पुलिस ने 190 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी फरार हैं। पुलिस ने कुल 169 बैंक खातों में करीब दो करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए। गिरोह के देश, श्रीलंका, यूएई के सदस्य व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ कर ठगी के पैसे का अदान-प्रदान करते थे।
पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के नेतृत्व में साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक ने सोमवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के रैदोपुर में छापा मारा। टीम ने राजेश के घर से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी आजमगढ़ में दो यूनिट चलाते थे। इसमें कुल 13 आरोपी कार्य करते थे। ये आरोपी प्रतिबंधित एप रेड्डी, अन्ना, लोटस व महादेव का प्रयोग करते थे। लोगों को दोगुना व तीन गुना पैसे जीतने का लालच देकर गेम खिलाते थे। आरोपी इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, मेटा व टेलीग्राम पर विज्ञापन के माध्यम से लोगों को फंसाते थे। इसके बाद एप के विभिन्न गेम मेंं उनकी लागिन आईडी बनाकर साइबर ठगी करके पैसा फर्जी खातों व मोबाइल फोन के जरिये ट्रांसफर कर लेते थे। इसके बाद उनकी आईडी ब्लाॅक कर देते थे।
पकड़े गए आरोपी विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आम नागरिकों से बात करते थे। फीस लेकर लाॅगिन आईडी देते थे। एप पर उनका एकाउंट बनाते थे। व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से गिरोह के देश-विदेश के सदस्यों की बातचीत होती थी। खातों का विवरण व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से दिया जाता था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए 11 आरोपियों ने अलग-अलग राज्यों में कई घटनाओं को अंजाम दिया है। इन आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी के कुल 71 केस दर्ज हैं। आरोपी एक मोबाइल का प्रयोग सिर्फ एक बार करते थे।
00
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
एसपी हेमराज मीना ने बताया कि साइबर ठगी करने के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र के अब्डीहा इब्राहिमपुर बीनापारा गांव निवासी मिर्जा उमर बेग उर्फ उमर मिर्जा, महाराजगंज जनपद के कोठी भार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार दक्षिण टोला निवासी राम सिंह, मिर्जापुर जनपद के अदलाहट थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव निवासी संदीप यादव शामिल हैं। इनके अलावा कलांडी उड़ीसा जनपद के लांथी गांव निवासी विशालदीप, बिहार के गोपालगंज जनपद के सिघवलिया थाना क्षेत्र के लोहिजरा गांव निवासी अजय कुमार पाल, जौनपुर जनपद के चंदवक थाना क्षेत्र के कोडरे गांव निवासी आकाश यादव हैं। इनके अलावा मध्य प्रदेश के जबलपुर जनपद के बर्गी थाना क्षेत्र के धवई बभनी गांव निवासी पंकज कुमार पुषांय, जिला बलांगिर उडीसा बंगो गुंडा थाना क्षेत्र के भाली बहार निवासी प्रदीप क्षात्रिया, मिर्जापुर जनपद के अदलाहटला थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव निवासी विकास यादव, बॉका बिहार जनपद के कटोरिया थाना क्षेत्र के बरागुनिया निवासी आनंदी कुमार यादव, महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार निवासी अमित गुप्ता शामिल है। दो आरोपी फरार चल रहे हैं। इनमें वाराणसी जनपद के निमा चोलापुर निवासी विनय यादव व सौरभ शामिल हैं।
00
इन सामान की बरामदगी हुई
35 लाख रुपये का सामान, तीन लाख 40 हजार रुपये बरामद किए। इसके अलावा 51 मोबाइल फोन, छह लैपटाप, 61 एटीएम कार्ड, 56 बैंक पासबुक, 19 सिम कार्ड, सात चेक बुक, तीन आधार कार्ड व एक जीओ फाइबर राउटर बरामद किया।
00
ऑनलाइन कोचिंग के नाम पर लिया था कमरा
एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शहर कोतवाली के रैदोपुर स्थित राजेश के मकान में रहते थे। बताया कि वे ऑनलाइन कोचिंग के नाम पर कमरा लेकर रहते थे। वहीं से दो यूनिट बनाकर लोगों को जाल में फंसाते थे। वे अलग-अलग शिफ्ट में काम करते थे।
00
एसपी ने बनाई थी टीम
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामला प्रकाश में आने पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई थी। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल, सहायक पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, क्षेत्राधिकारी नगर गौरव शर्मा, साइबर थाना प्रभारी विमल प्रकाश राय, स्वाट टीम प्रभारी नंद कुमार तिवारी, साइबर थाना के उपनिरीक्षक आलोक सिंह, मंतोष सिंह, चंद्रमा मिश्रा, सभाजीत मौर्य, एजाज अहमद, संजय, विशाल यादव, महिपाल यादव व रामाश्रय यादव शामिल रहे।