आजमगढ़। एसपी आकाश कुलहरि द्वारा जेल में छापेमारी कर 54 मोबाइल बरामद करने के बाद से सुर्खियों में आए मंडल कारागार की व्यवस्थाएं बदल गई हैं। रविवार को डीएम के नेतृत्व में करीब एक घंटे तक ली गई सघन तलाशी में बैरकों से कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। पहले की तुलना में जेल प्रशासन भी चुस्त और सतर्क नजर आया।
शासन के निर्देश पर रविवार पूर्वाह्न 11 बजे डीएम सुहास एलवाई के नेतृत्व में प्रभारी एसपी/एएसपी ग्रामीण मोहम्मद इमरान, एएसपी नगर विनोद कुमार, एडीएम प्रशासन आशुतोष द्विवेदी भारी भरकम फोर्स के साथ मंडल कारागार पहुंचे। पुलिस की आठ टीमों ने बैरकों की सघन तलाशी ली। इस दौरान पुलिसवालों का विशेष ध्यान नामचीन अपराधियों की बैरकों में रहा। इन बैरकों में पुलिस ने दीवार आदि खोदकर तलाशी ली। खासतौर से उन जगहों को खंगाला गया। जहां से 26 मई की रात मोबाइल बरामद हुए थे। इस दौरान डीएम सहित अन्य अधिकारियों ने भोजन आदि के व्यवस्था की जानकारी ली। साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। करीब एक घंटे बाद दोपहर बारह बजे अधिकारीगण बाहर निकले।
प्रभारी एसपी मोहम्मद इमरान ने बताया कि पिछली बार की तुलना में इस बार जेल की व्यवस्था काफी सुधरी नजर आई। पुलिस की आठ टीमों ने बैरकों की तलाशी ली लेकिन कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं बरामद हुई।