आजमगढ़। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला द्वारा बुधवार को मुहम्मदपुर विकास खंड में तकनीकि सहायकों और रोजगार सेवकों की बैठक का आयोजन किया गया। समीक्षा के दौरान एक तकनीकी सहायक और एक रोजगार सेवक के कार्यों में लापरवाही मिलने पर उनकी सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया।
सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि उक्त तकनीकी सहायक ने एक कार्य के लिए 40 हजार रुपये का स्टीमेट तैयार किया था। जबकि उसी काम को सचिव ने चार हजार में संपादित कराया। इसे लापरवाही मानते हुए इनकी सेवा समाप्ति का निर्देश दिया गया है। वहीं एक रोजगार सेवक को सौंपे गए कार्यों को कराया नहीं जा रहा था। रोजगार सेवक के पास कुछ अभिलेख थे जो बार-बार मांगने के बाद भी उपलब्ध नहीं कराए जा रहे थे। इसे लापरवाही मानते हुए उक्त रोजगार सेवक की सेवा को समाप्त करने का निर्देश दिया गया है। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने कहा कि महामारी के इस दौर में सरकार की योजनाओं को उनके पात्रों को इमानदारी से पहुंचाना लक्ष्य है। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कोई ऐसा करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।