उप जिलाधिकारी सदर जेआर चौधरी ने सोमवार को नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के वार्डों का निरीक्षण किया। इसकी जानकारी होने पर नगर पालिका के सफाईकर्मी सफाई में जुट गए। इस दौरान एसडीएम ने नगर पालिका प्रशासन को अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
एसडीएम को वरिष्ठ लिपिक राजन चौधरी ने सफाई के बारे में जानकारी दी। बताया कि राम जानकी मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर पाइप लीक होने से सड़क पर पानी बह रहा था। एसडीएम ने दो दिन के अंदर लीकेज ठीक कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कई स्थानों पर गंदगी देख कर नाराजगी जताई। नगर में समय से साफ- सफाई एवं डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सार्वजनिक शौचालय के रखरखाव व कर्मचारियों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और अनुशासनहीन कर्मचारियों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। नपा प्रशासन से कहा कि सड़क के किनारे अवैध रूप से गिट्टी, बालू रख अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित कर उन्हें नोटिस जारी किया जाए। इस अवसर पर नपा के जेई महावीर प्रसाद भारती, मोनू बाबू, साहातम गौड़ रहे।