आजमगढ़। एग्री स्टैक योजना के तहत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। समीक्षा बैठक में लक्ष्य के मुकाबले प्रगति कम पाए जाने पर कृषि विभाग के दो कर्मचारियों तेजू सिंह यादव और सतीश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश उप कृषि निदेशक को दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि फार्मर रजिस्ट्री कार्य की दैनिक समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही ग्रामवार आयोजित कैंपों का नियमित निरीक्षण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन कराया जाएगा और लापरवाह कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उप कृषि निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि शासन एवं जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए विभागीय योजनाओं का लाभ जनपद के सभी कृषकों तक पहुंचाया जाएगा।