मंडलायुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कमिश्नर विजय विश्वास पंत ने कहा कि खेलकूद से जुड़ी नई प्रतिभाओं की खोज में शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षा विभाग के अधिकारी नई प्रतिभाओं की खोज करने एवं उनमें निखार लाने में अपनी बेस्ट परफार्मेंस दें। मंडलायुक्त बुधवार देर शाम कार्यालय के सभागार में मंडलीय खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सदस्यों के सुझाव पर सुखदेव पहलवान स्टेडियम में खेल छात्रावास का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी (आरएसओ) को निर्देशित किया कि मंडल के जनपदों में ‘पे एंड प्ले’ और ‘कम एंड प्ले’ के तहत अवस्थापनाओं का पूर्ण उपयोग करें। यूजर चार्ज व फीस के माध्यम से जिला स्तर पर आय के स्रोत को बढ़ाया जाए। स्टेडियम में आने वाले गणमान्य व्यक्तियों या वरिष्ठ लोगों को लाइफ टाइम मेंबर बना कर एकमुश्त शुल्क प्रोत्साहन समिति में जमा कराएं। खेलकूद के प्रति लोगों दिलचस्पी बढ़ी है, दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, युवा कल्याण आदि विभाग आपसी सामंजस्य बना कर खेलकूद से संबंधित समस्त योजनाओं का व्यापक स्तर से प्रचार प्रसार करें। पेंचक सिलाट के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज प्रकाश श्रीवास्तव और जिला ओलंपिक संघ के सचिव अजयेंद्र राय ने सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास खाली पड़े छात्रावास को खेल के छात्रावास के रूप में संचालित करने का सुझाव दिया। मंडलायुक्त ने आरएसओ आरपी सिंह को निर्देश दिया कि छात्रावास को स्पोर्ट्स हास्टल के रूप में संचालित करने, स्टेडियम के सुदृढ़ीकरण, उच्चीकरण एवं अन्य आवश्यकताओं पर होने वाले व्यय का आगणन तैयार कर 10 अक्टूबर तक शासन को भेजें। स्टेडियम के आय बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक खिलाड़ियों का पंजीकरण करें। संयुक्त विकास आयुक्त पीएन वर्मा, अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. एनएल यादव, संयुक्त शिक्षा निदेशक एपी वर्मा, एडी बेसिक राजेश आर्य, उप निदेशक पंचायत राम जियावन, अधीक्षण अभियंता सिंचाई आनंद कुमार आनंद, जिला युवा कल्याण अधिकारी राजनेति सिंह, राज नरायन सिंह उपस्थित थे।