शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक युवाओं में बॉडी बनाने और फिट रहने का क्रेज बढ़ा है। जगह-जगह जिम खोल दिए गए हैं। स्थिति यह है कि एक कमरे में कुछ मशीनें लगाकर जिम का संचालन शुरू कर दिया जा रहा है।
इन जिमों में न तो प्रशिक्षित प्रशिक्षक की व्यवस्था है और न ही संचालन के लिए जरूरी पंजीकरण कराया गया है। जिम में व्यायाम के दौरान सही तकनीक और शारीरिक क्षमता के अनुसार अभ्यास करना बेहद जरूरी होता है।
प्रशिक्षित प्रशिक्षक की गैरमौजूदगी में युवा अपनी जानकारी के आधार पर भारी वजन उठाने और अलग-अलग मशीनों का इस्तेमाल करने लगते हैं। इससे मांसपेशियों में खिंचाव, चोट और गंभीर शारीरिक परेशानी की आशंका रहती है। इसके बावजूद कई जगहों पर जिम संचालक जरूरी सुविधाओं और मानकों की अनदेखी कर रहे हैं।
जिम संचालन के नाम पर केवल मशीनें और कुछ उपकरण जुटा लेना ही पर्याप्त नहीं है। सुरक्षा, प्रशिक्षक की योग्यता और लागू नियमों के अनुरूप पंजीकरण भी जरूरी है। इसके बाद भी बिना पंजीकरण और प्रशिक्षित प्रशिक्षक के जिम संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
00
इन नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है-
- प्रतिष्ठान का विधिक पंजीकरण होना जरूरी है।
- जिम संचालन के अनुकूल स्वीकृत भवन और सुरक्षित संरचना जरूरी है।
- प्रशिक्षित एवं योग्य फिटनेस ट्रेनर होना जरूरी है।
- सुरक्षित, सही हालत में और नियमित सर्विसिंग वाली मशीनें लगी होनी चाहिए।
- मशीनों के बीच सुरक्षित दूरी और व्यायाम के लिए पर्याप्त जगह होना आवश्यक है।
- पर्याप्त वेंटिलेशन, क्रॉस वेंटिलेशन और प्रकाश होना बेहद जरूरी है।
- भवन की श्रेणी के अनुसार अग्निशमन उपकरण और निकास व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही फर्स्ट एड किट भी उपलब्ध होनी चाहिए।
- सदस्यता फार्म, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और सहमति पत्र होना जरूरी है।
- नजदीकी अस्पताल, एंबुलेंस और पुलिस के नंबर प्रदर्शित होना जरूरी है।
00 वर्जन
जिले में जिम संचालन के लिए आज तक कोई आवेदन नहीं आया है। अगर आवेदन आता है तो मानक के अनुसार जांच कर एनओसी दी जाएगी। यदि जिम संचालित हो रहे हैं और कोई शिकायत आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। -सिराजुद्दीन, जिला क्रीड़ाधिकारी।
-लोग बोले
क्षेत्र में संचालित जिम बिना प्रशिक्षक के चलाए जा रहे हैं। जिम में व्यायाम करने वाले युवाओं को सही तरीके से एक्सरसाइज करने की जानकारी देने के लिए कोई ट्रेनर मौजूद नहीं रहता। इससे युवाओं को काफी परेशानी होती है। -वीरेंद्र विश्वकर्मा, कस्बा फतेहपुर
00
मार्टीनगंज, ठेकमा और भीरा समेत क्षेत्र के किसी भी जिम में ट्रेनर की व्यवस्था नहीं है। बिना प्रशिक्षक के ही जिम का संचालन किया जा रहा है। ऐसे में युवाओं को सही तरीके से व्यायाम करने की जानकारी नहीं मिल पाती है।- शिव शंकर यादव, सतैनी
00
बाजारों में संचालित अधिकांश जिम में न तो प्रशिक्षित ट्रेनर हैं और न ही पर्याप्त उपकरण व जगह की व्यवस्था है। गलत तरीके से एक्सरसाइज करने से शरीर को फायदा होने के बजाय नुकसान पहुंच सकता है। बिना ट्रेनर के जिम जाने का उन्हें कोई खास लाभ नहीं मिला।- शुभम सिंह, फतूही।
00
जिम में एक्सरसाइज सिखाने के लिए प्रशिक्षक का होना बेहद जरूरी है। वह पास के एक जिम में व्यायाम करने गए थे, जहां अधिक वजन उठाने के कारण उनके हाथ में मोच आ गई थी। इसके बाद से उन्होंने जिम जाना छोड़ दिया। - दीपक, चौकी गांव।