आजमगढ़। भाजपा प्रत्याशी के रोड शो में शामिल होने जनपद पहुंचे मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, सपा और टीएमसी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। यही कारण है कि सभी इकट्ठा होकर देश में तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं।
यह लोग एससी-एसटी वर्ग के लोगों के अधिकारों को काटकर मुस्लिम समाज को देने की वकालत कर रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दो बार लोकसभा और बाहर कहा था कि देश में पहला हक मुस्लिम समाज के लोगों का है। इंडी गठबंधन के लोग चाहते हैं कि एससी-एसटी वर्ग से भी पहले स्थान पर मुस्लिम समाज को रखना। यह सभी इसी मानसिकता के लोग हैं।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ओबीसी के आरक्षण काट कर मुस्लिम समाज को देने की वकालत कर रही हैं। इसी में अपना भविष्य देख रही हैं। कांग्रेस में एक ही परिवार की चार पीढ़ियों को देश की सेवा करने का मौका मिला। देश से गरीबी कम करने के नाम पर राजनीति करते रहे, लेकिन कम नहीं हुई। 2014 में देशवासियों ने देश की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में सौंपी। उसके बाद देश में 25 करोड़ और मध्यप्रदेश में 2 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया और आगे भी उस पर काम किया जा रहा है।
देश में एससी-एसटी वर्ग के आरक्षण काट कर मुस्लिम समाज को देने वाली बात पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। साथ ही राहुल गांधी को एससी-एसटी समाज से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा सभी को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। इस बार लोकसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन 400 पार रहेगी।