जिले में इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट की परीक्षा 28 जुलाई को होगी। इसके लिए विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
इंप्रूवमेंट में 125 और कंपार्टमेंट में 303 समेत कुल 428 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परिषद ने 16 और 17 जुलाई को प्रायोगिक परीक्षा कराने का निर्देश दिया है।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च तक हुई थी। मूल्यांकन के बाद 23 अप्रैल को परिषद ने रिजल्ट जारी किया। हाईस्कूल में पंजीकृत 27 हजार 545 विद्यार्थियों में 26 हजार 234 परीक्षा में शामिल हुए। इसमें 25 हजार 129 सफल हुए। एक हजार विद्यार्थी फेल हो गए थे। इंटरमीडिएट में कुल 28 हजार 143 में 26 हजार 769 परीक्षा में शामिल हुए। इसमें 22008 छात्र-छात्राएं सफल हुए, जबकि करीब साढ़े चार हजार असफल हो गए। परिषद की तरफ से एक विषय में अनुत्तीर्ण होने वाले छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा कराई जाती है। 27 जून तक इसके लिए आवेदन लिए गए। उसके बाद 28 जुलाई को परीक्षा की तिथि तय की गई है। पहली पाली में इंप्रूवमेंट और दूसरी पाली में कंपार्टमेंट की परीक्षा होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि पहली पाली में इंप्रूवमेंट की परीक्षा साढ़े आठ बजे से 11:45 बजे तक और कंपार्टमेंट की परीक्षा दोपहर दो से सवा पांच बजे तक होगी। छात्र-छात्राएं परिषद की वेबसाइट पर जाकर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। संवाद