आजमगढ़ जिले के महाराजगंज पुलिस ने क्षेत्र के मरदही गांव में छापा मार कर अवैध शराब के कारखाने का भंडाफोड़ किया। मौके से शराब बनाने वाली भट्ठी, अवैध शराब, यूरिया, फिटकरी और शराब बनाने के उपकरणों के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों गोरखपुर के निवासी हैं। एक आरोपी फरार हो गया।
महराजगंज पुलिस ने एसएचओ अरविंद कुमार पांडेय और आबकारी टीम के साथ महराजगंज क्षेत्र के घाघरा नदी के उस पार मदरही ग्राम के निकट छापा मारकर एक मड़हे से दो व्यक्तियों विजय निषाद और रुदल निषाद निवासी बेईली खुर्द थाना बेलघाट गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं रमाकान्त निषाद उर्फ कान्ता निवासी बेईली खुर्द थाना बेलघाट फरार हो गया।
मौके पर दो भट्ठी, तीन ड्रम में लगभग 410 लीटर कच्ची शराब, 2.5 किग्रा यूरिया और दो किग्रा फिटकरी बरामद हुई। करीब 25 क्विंटल बन रही शराब के लहन को नष्ट किया गया। कारखाने से शराब बनाने के उपकरण व दो पुरानी साइकिलें भी बरामद हुई। आरोपियों ने बताया कि वे पाउच में भर कर अवैध शराब की सप्लाई आजमगढ़ और आसपास के जनपदों में करते हैं।