जनपद में अवैैध रूप से कराई गई प्लाटिंग और अवैध निर्माणों के प्रति एडीए काफी सख्त हो गया है। एडीए सचिव ऋतु सुहास की ओर से इस पर रोक लगाने के लिए नोटिस जारी करने के साथ ही अवैध रूप से बसाई जा रही काॅलोनियों को हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में सचिव ने सोमवार को बैठौली बाईपास से सटे अवैध महावन प्लाटिंग को हटवाया। प्लाटिंग कर बनवाई गई चहारदीवारी को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया गया।
जनपद में आजमगढ़ विकास प्राधिकरण द्वारा की जा रही सख्ती से बिल्डरों में हड़कंप है। हाल ही में एक बिल्डर के आफिस को सील करने के बाद प्राधिकरण की सचिव अन्य बिल्डरों पर भी लगाम लगाने में जुटी हैं। इसी क्रम में उन्होंने एक बिल्डर द्वारा बैठौली बाईपास के पास कराई गई 50 प्लाटिंग की कालोनी को ध्वस्त कराया।
आजमगढ़ विकास प्राधिकरण की सचिव ऋतु सुहास ने बताया कि उक्त भूमि पर प्लाटिंग नहीं की जा सकती। बिल्डरों को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसके बाद इन्होंने प्लाटिंग की। इतना ही नहीं इन लोगों द्वारा ग्राम समाज की कुछ बंजर भूमि को भी प्लाटिंग के अंदर ले लिया।
इन लोगों को व्यक्तिगत तौर पर नोटिस जारी कर बुलाया गया लेकिन उपस्थित नहीं हुए। इस कारण ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। बताया कि बिल्डरों द्वारा लोगों को अंधेरे में रखकर कृषि क्षेत्र और वनीकरण क्षेत्र में प्लाटिंग कराकर करोड़ों की जमीन बेची गई है।