शिब्ली इंटर कालेज में में विद्यालय प्रबंधकों की बैठक को संबोधित करते डीआईओएस डा.वीके शर्मा।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। विद्यालय प्रबंधकों द्वारा परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए परिषद की वेबसाइट पर गलत सूचना अपलोड की गई तो प्रधानाचार्य के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई व एक साल के लिए परीक्षा केंद्र को डिबार कर दिया जाएगा। उक्त बातें बृहस्पतिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक डा. वीके शर्मा ने शिब्ली नेशनल इंटर कालेज में प्रबंधकों संग हुई बैठक में कही। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र निर्धारित होने संबंधित किसी प्रकार की गलती पाई गई तो इसका संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य का होगा।
डीआईओएस डा. वीके शर्मा ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा 2021 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र का निर्धारण ऑनलाइन कराने के लिए नीति निर्धारण किया गया है। उन्होंने बैठक में उपस्थित समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्त विहीन मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि विद्यालयों की आधारभूत सूचनाएं एवं उपलब्ध सुविधाओं एवं अन्य वांछित सूचनाओं को परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर पांच दिसंबर तक अपलोड कर दें। उन्होंने कहा कि अपलोड विद्यालयों की आधारभूत सूचनाओं का सत्यापन जिलाधिकारी द्वारा गठित तहसील स्तरीय समिति द्वारा भौतिक सत्यापन किया जाएगा। यदि गलत सूचना मिली तो केंद्र को निरस्त कर दिया जाएगा।