बलरामपुर। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के शबाना रोड स्थित मिर्चा मंडी गांव में पत्नी की विदाई कराने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से मौत हो गई।
मऊ के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के लग्गुपुर गांव निवासी पवन सोनकर (26)की शादी वर्ष 2022 में फूलपुर के मिर्चा मंडी गांव निवासी अशोक सोनकर की पुत्री अंजली से हुई थी। पवन दो महीने पहले ही दुबई से घर लौटा था और बृहस्पतिवार को पत्नी की विदाई कराने ससुराल गया था।
मृतक के भाई सरवन सोनकर ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने पवन को जहर खिलाया है। उनका कहना है कि दोपहर 12.30 बजे ससुराल से फोन आया कि पवन ने जहर खा लिया है और उसे निजी अस्पताल ले जाया गया है।
हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में शाम करीब 7 बजे उसकी मौत हो गई। वहीं लड़की के पिता अशोक सोनकर का कहना है कि एक सप्ताह पहले अंजली को ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट कर घर भेज दिया गया था।
इसी कारण उन्होंने विदाई के लिए पवन से उसके पिता को साथ लाने को कहा था। इससे नाराज होकर पवन बाजार चला गया और लौटने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। इधर, मृतक की पत्नी अंजली ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मारपीट करने का आरोप लगाया है।
उसने बताया कि ससुराल वाले अक्सर उसे प्रताड़ित करते थे और दस दिन पहले मारपीट कर मायके छोड़ गए थे। फूलपुर कोतवाल सच्चिदानंद यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।