निजामाबाद के परवेजाबाद में राम-जानकी मंदिर में यहीं से अष्टधातु की मूर्तियां चोरी हुईं।
- फोटो : अमर उजाला
निजामाबाद। थाना क्षेत्र के परवेजाबाद गांव में डेढ़ सौ वर्ष पुराने प्राचीन रामजानकी मंदिर का ताला तोड़कर शुक्रवार की रात चोर राम, सीता और लक्ष्मण की मूर्तियां चुरा ले गए। परिवार के लोगों के मुताबिक तीन मूर्तियां अष्टधातु की होने की वजह से बेशकीमती हैं।
शनिवार की सुबह मंदिर के पुजारी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। शिवकुमार की तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के परवेजाबाद गांव निवासी शिवकुमार गुप्ता के पूर्वज ने वर्ष 1872 में अपने घर के पास रामजानकी मंदिर बनवाया था। जिसमें करीब डेढ़-डेढ़ फुट की राम, लक्ष्मण और सीता की मूर्तियां स्थापित थीं।
मंदिर की देखरेख शिवकुमार गुप्ता करते हैं। शुक्रवार की रात भोग लगाने के बाद शिवकुमार मंदिर बंद कर घर चले गए। रात में चोर मंदिर का दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे और तीनों मूर्तियां चुरा ले गए। शनिवार की सुबह शिवकुमार पूजा करने के लिए मंदिर पहुंचे और दरवाजा की टूटी कुंडी व गायब मूर्तियां देखकर शोर मचाया।
कुछ ही देर में यहां गांव वालों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर सीओ सदर मो. अकमल खां, प्रभारी निरीक्षक निजामाबाद सुरेंद्र यादव डाग स्क्वाड टीम लेकर पहुंचे। पुलिस अपने स्तर से घटना स्थल का मुआयना कर वापस लौट गई।
उधर मंदिर से बेशकीमती मूर्तियां चोरी हो जाने से गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में आक्रोश है। लोगों ने जल्द से जल्द घटना के खुलासे की मांग की है। बता दें कि इससे पूर्व निजामाबाद थाना क्षेत्र में स्थित कई प्राचीन मंदिरों से अष्टधातु की कई मूर्तियां चोरी हो गई है।
लेकिन पुलिस अभी तक एक भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी। बल्कि सभी मामलों की फाइलें दबाकर बैठ गई है। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि चोरी गई मूर्तियां किस धातु की थी इसकी जानकारी नहीं हो सकी। ना ही पीड़ित पक्ष ही इसे बता पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।