देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज बाजार में गत दिनों सराफा कारोबारी प्रेम प्रकाश सेठ की हूुई हत्या की घटना के विरोध और हमलावरों की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए देवगांव बाजार के सराफा कारोबारियों ने अपनी दूकानें बंद रखीं। साथ ही व्यपारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाल से मिल जल्द हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की।
22 मार्च की रात लालगंज बाजार में अपनी दूकान में बैठे सर्राफा कारोबारी प्रेम प्रकाश सेठ को दूकान से बाहर बुलाकर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर घायल कर दिया था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
गुरुवार को हत्या के विरोध में देवगांव बाजार के सराफा कारोबारियों ने अपनी दूकानों को बंद रख विरोध जताया। बाद में एक प्रतिनिधिमंडल देवगांव कोतवाल ओपी सिंह से मिला और हत्यारोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। कोतवाल ने कारोबारियों को जल्द मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया।
इस पर सराफा कारोबारियों ने बंदी को निरस्त करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर अश्वनी सेठ, सुखदेव सेठ, राजेश सेठ, अनिल सेठ, संतोष सेठ सहित कई कारोबारी मौजूद रहे।