जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं के विरोध में प्रदर्शन करते हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता।
जिला अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं के खिलाफ हिंदू युवा वाहिनी ने मंगलवार को जिला अस्पताल में धरना प्रदर्शन किया। धरने के बाद कार्यकर्ताओं ने चार सूत्री मांगों का ज्ञापन प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को सौंपा।
धरने के दौरान हियुवा के जिला संयोजक हरिवंश मिश्र ने बताया कि जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार चरम पर है। यहां आने वाले मरीजों को दवा उपलब्ध न होने के कारण बाहर से दवा खरीदनी पड़ती है। सोनोग्राफी की मशीन हमेशा बंद रहती है। आपातकालीन कक्ष में पंखे की कोई व्यवस्था नहीं है। लैब टेक्नीशियन अक्सर ब्लड की जांच रिपोर्ट गलत देता है।
हास्पिटल में चारों ओर गंदगी का अंबार है। इस कारण वार्डों में बदबू बनी रहती है। मांग की कि हास्पिटल में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखी जाएं। सोनोग्राफी करने वाले डॉक्टर की उपलब्धता सुबह आठ से दो बजे तक कराई जाए।
लैब टेक्नीशियन को ब्लड जांच की रिपोर्ट उसी दिन उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया जाए। साथ ही अस्पताल में सफाई की विशेष व्यवस्था की जाए। धरने के बाद कार्यकर्ताओं ने मांगों का ज्ञापन प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को सौंपा। इस मौके पर विरेंद्र सिंह, जगदंबा बाबा, राजेश यादव, संजय आर्य, प्रमोद सिंह, सतीश यादव, हरिओम सिंह, हलधर दुबे, सुरेंद्र प्रताप सिंह, रामसकल चौहान आदि उपस्थित थे।