फूलपुर स्थित पाॅवर सब स्टेशन का फुंका हुआ इनकमिंग पैनल।
फूलपुर स्थित पावर सब स्टेशन का इनकमिंग पैनल सोमवार की देर रात जोरदार धमाके साथ फुंक गया। जिसके चलते वेस्ट, नार्थ और साउथ ईस्ट फीडर से जुडे़ लगभग पांच सौ से अधिक गांवों में आपूर्ति ठप हो गया। बिजली न रहने से जहां लोगों ने रात छतों और गलियों में टहल कर गुजारी। वहीं सुबह पानी के लिए दर-दर भटकते रहे।
मालूम हो कि सोमवार को फूलपुर सब स्टेशन में शाम लगभग पांच बजे बिजली आपूर्ति हुई, तो तेज धमाका हुआ। जिसके चलते इनकमिंग पैनल और केबल जल गया। यह संयोग ही रहा कि कोई बड़ी घटना नही हुई। संविदा कर्मचारियों ने इनकमिंग पैनल नंबर दो का बाक्स खोलकर रात 10 बजे तक बनाने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद दूसरे दिन मंगलवार को आजमगढ़ से आए कर्मचारी पारस गुप्ता ने ठीक किया, तो दोपहर एक बजे बिजली आपूर्ति की गई तो तेज धमाका हुआ, जिसके चलते सीटी और केबल पूरी तरह से जल गया। हालांकि सूचना पाकर रात में जेई आ गए। एसडीओ एमएस चौहान मौके पर पहुंचे। देखा तो इनकमिंग पैनल पूरी तरह जल गया है।
उधर, बिजली आपूर्ति बंद होने से नगर से लेकर गांव तक हाहाकार मच गया है। लोगों ने रात अंधेरे में गुजारी तो सुबह पानी के लिए परेशान रहे। बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ा। सरकारी हैंडपंपों पर लंबी कतार लगी रही। इस संबंध में टेक्नीशियन पारसनाथ ने बताया कि काम चल रहा है। जल्द ही आपूर्ति बहाल हो जाएगी। शाम तक मरम्मत का काम जारी था।