अंबारी। दीदारगंज थाना के दरियापुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर में घुसकर 50 हजार रुपये नकद समेत करीब सात लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच जांच-पड़ताल में जुट गई।
दरियापुर निवासी विजय प्रजापति बावर्ची का काम करते हैं, मंगलवार की रात किसी कार्यक्रम में गए थे। उनकी पत्नी रेखा देवी अपने दो छोटे बच्चों संग घर के बाहर बरामदे में सो रही थीं। इसी दौरान रात लगभग दो बजे चोर घर के पीछे से छत के रास्ते अंदर घुसे, दो कमरों का ताला तोड़ दिया। चोर वहां रखे बक्सों में रखे 50 हजार रुपये नगद, 50 ग्राम सोने तथा एक किलो चांदी के गहने चोरी कर ले गए।
सुबह रेखा देवी घर में गई तो कमरों का ताला टूटा और बक्से खुले मिले। चोरी होने की आशंका पर उन्होंने सामानों में खोजबीन किया तो गहने और नकदी गायब थे। वह दहाड़े मारकर रोने लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोग वहां जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, एसआई रामबहादुर यादव व पुलिस मौके पर पहुंची। बुधवार दोपहर स्वान दस्ता व फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंची। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर मिल गई है, मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।