आजमगढ़। विकास भवन के पास में बना हरिऔध कला केंद्र अब सौर ऊर्जा से जगमग होगा। नेडा विभाग ने सर्वे कर 500 किलोवाट का ऑनग्रिड सोलर पैनल लगाने को शासन से मंजूरी के लिए पत्र भेज दिया है।
हरिऔध कला केंद्र में एक बड़ा हाल के साथ ही आधा दर्जन छोटे हाल बने हुए है। यहां विभिन्न अवसरों पर विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाती है। बड़े हाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम होते रहते हैं। वर्तमान समय में यहां बिजली के साथ ही जेनरेटर की भी व्यवस्था है, लेकिन अन्य सरकारी भवनों की तरह हरिऔध कला केंद्र में भी ऑनग्रिड सोलर पैनल लगाया जाएगा। इसके लिए नेडा विभाग ने सर्वे कर 500 किलोवाट का ऑनग्रिड सोलर पैनल लगाने को शासन से मंजूरी के लिए पत्र भेजा है। सोलर पैनल लग जाने से खास कर जिले के रंगमंच से जुड़े कलाकारों को काफी फायदा होगा क्योंकि उनको प्रकाश के लिए न तो बिजली का इंतजार करना पड़ेगा और न ही जेनरेटर में तेल की व्यवस्था करनी पड़ेगी। वहीं, ऑनग्रिड सोलर पैनल लगने से नेट मीटर के माध्यम से अतिरिक्त बिजली, बिजली विभाग के ग्रिड में जाएगी।
चार तहसीलों में लगा सोलर पैनल
जिले की चार तहसील भवनों पर ऑनग्रिड सोलर पैनल लगाने की शासन से मंजूरी मिली थी। नेडा विभाग ने कार्यदायी संस्था के सहयोग से तहसील फूलपुर में 18 किलोवाट, लालगंज में 13 किलोवाट और सड़ी में 18 किलोवाट का ऑनग्रिड सोलर पैनल लगावा दिया है। तहसील सदर में 20 किलोवाट के सोलर पैनल लगाने का काम चल रहा है। अन्य तहसीलों में सोलर पैनल लगाने की अभी मंजूरी नहीं मिली है।
हरिऔध कला केंद्र में 500 किलोवाट का ऑनगिड सोलर पैनल लगेगा। इसका सर्वे कर मंजूरी के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। वहीं, तीन तहसीलों में ऑनगिड सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं जबकि तहसील सदर में इस पर काम रहा है। - रामदरश यादव, जिला प्रभारी नेडा आजमगढ़।