डीएवी स्थित कांशीराम कालोनी में अपने जले दुकान को देख कर रोती महिला।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। शहर कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर स्थित कांशीराम आवास डीएवी परिसर में स्थित किराने की एक दुकान में शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। अगलगी की इस घटना से पूरी दुकान जल गई। वहीं, दुकान जलने से परिजन रोने लगे। आसपास के लोगों ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया।
कांशीराम आवास डीएवी निवासी मो. वसीम पुत्र अजीजुल्लाह आवास परिसर में ही एक खाली स्थान पर बड़ी गुमटी में टीनशेड डाल कर किराना व जनरल स्टोर की दुकान खोल रखा है। शनिवार की सुबह अचानक शार्ट सर्किट के चलते दुकान के एक हिस्से में आग लग गई। दुकान में आग लगते ही भगदड़ सी मच गई। दुकानदार वसीम जहां दुकान से सामान निकाल कर बाहर करने लगा तो वहीं आसपास के लोग बाल्टी आदि से पानी डाल कर आग बुझाने की कवायद में जुट गए, लगभग आधे घंटे तक मेहनत कर लोगों ने आग पर काबू पाया। पीड़ित दुकानदार के अनुसार अगलगी की इस घटना में उसका लगभग डेढ़ लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।