पासीपुर-लहरपार तिराहे के पास गिट्टी लदा ट्रक धंसा। संवाद
आजमगढ़-अयोध्या मार्ग पर एनएच-233 से सटे पासीपुर-लहरपार तिराहे के करीब बुधवार को गिट्टी से लदा 18 पहिया ट्रक तालाब किनारे सड़क में धंस गया। इससे गांव की ओर जाने वाला रास्ता बाधित हो गया।
देर शाम तक ट्रक सड़क में धंसा था और रास्ता बंद था। चंदौली जनपद के हरिपुर गांव निवासी ट्रक चालक अनिल विश्वकर्मा ने बताया कि वह मिर्जापुर से ट्रक में गिट्टी लादकर खलीलाबाद जा रहा था।
उसके साथ दूसरे ट्रक पर चालक कृष्णानंद भी चल रहे थे। अनिल गूगल मैप के सहारे आगे चल रहा था। पासीपुर-लहरपार तिराहे पर पहुंचने के बाद उसने पीछे चल रहे साथी चालक से दाहिनी ओर जाने वाली सड़क के बारे में पूछा। साथी की सहमति मिलने पर उसने ट्रक मोड़ दिया।
करीब 50 मीटर आगे बढ़ने पर तालाब किनारे सड़क पर ट्रक का पिछला हिस्सा करीब डेढ़ फुट तक धंस गया। ग्रामीणों का आरोप है कि काफी प्रयास के बाद सड़क बन पाई थी, लेकिन ओवरलोड ट्रक के गुजरने से सड़क फिर धंस गई। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और ट्रक को खाली कराकर हटाने का प्रयास किया जा रहा है।