परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को देखते हुए सचिव बेसिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद द्वारा शासन से शिक्षकों की नियुक्ति की अनुमति मांगी गई थी। इसपर शासन की ओर से 68500 शिक्षकों की भर्ती करने की अनुमति दे दी गई है।
विशेष सचिव एस राजलिंगम की ओर से शिक्षा निदेशक बेसिक उप्र लखनऊ और सचिव उप्र बेसिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद को अनुमति पत्र जारी कर दिया गया है, जिसके तहत आजमगढ़ मंडल में 3300 सहायक अध्यापकों की नियुक्ति होगी।
पिछले दिनों सठियांव चीनी मिल परिसर में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल्द ही शिक्षकों और पुलिस की भर्ती करने का एलान किया था। उनके इस एलान के बाद अब प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में 68500 सहायक अध्यापकों की भर्ती किए जाने का शासनादेश जारी हो गया है।
इस संबंध में विशेष सचिव एस राजलिंगम की ओर से शिक्षा निदेशक बेसिक उप्र लखनऊ और सचिव उप्र बेसिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद को अनुमति पत्र जारी कर दिया गया है। उनके द्वारा यह निर्देश जिले में स्थित एडी बेसिक कार्यालय तक पहुंच चुका है।
आजमगढ़ मंडल में होने वाली 3300 सहायक अध्यापकों की नियुक्ति मेें आजमगढ़ में 1000, बलिया में 1600 और मऊ में 700 सहायक अध्यापकों की नियुक्ति होगी। पूरे प्रदेश में होने वाली नियुक्तियों में सबसे ज्यादा सहायक अध्यापक सीतापुर, हरदोई और जौनपुर में भर्ती होंगे। इन तीनों जनपदों में सहायक अध्यापकों के दो-दो हजार पद रिक्त हैं।