एलवल स्थित सेंट जेवियर्स हाईस्कूल में रिजल्ट आने के बाद खुशी मनाते बच्चे। श्रोत-स्कूल
आजमगढ़। सीबीएसई 10वीं के परीक्षा परिणामों में एक बार फिर जिले की बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बुधवार को घोषित परिणामों के अनुसार, टॉप-3 की सूची में लड़कियों का दबदबा रहा। विद्यालयों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, सर्वोदय पब्लिक स्कूल की छात्रा साक्षी यादव ने सर्वाधिक 99 प्रतिशत अंक हासिल किया है।
दूसरे स्थान पर जीडी ग्लोबल स्कूल की अरुणिका यादव रहीं, जिन्होंने 98.4 प्रतिशत अंक पाकर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया। वहीं, 98 प्रतिशत अंकों के साथ चिल्ड्रेन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कृतिका त्रिपाठी और सीपीएस के मिर्जा इशान बेग ने संयुक्त रूप से जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
आंकड़ों की नजर से जिले में सीबीएसई से संबद्ध करीब 75 विद्यालयों के कुल 18,517 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें हाईस्कूल (10वीं) के 8,000 और इंटरमीडिएट (12वीं) के 10,517 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। परिणाम घोषित होते ही सफल परीक्षार्थियों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई और मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का जश्न मनाया गया।