सगड़ी तहसील के चक्की में पानी बढ़ने से संपर्कं मार्ग डूबा।
- फोटो : AZAMGARH
लाटघाट। सगड़ी तहसील के देवरांचल से होकर गुजरने वाली घाघरा नदी का जलस्तर कई दिन की बढ़ोत्तरी के बाद स्थिर हो गया है। जलस्तर स्थिर होने के बाद भी नदी की कटान जारी है। क्षेत्र के पांच गांवों के 50 मजरों में जाने वाले संपर्क मार्ग डूबने से आवागमन में परेशानी हो रही है। जहां पानी ज्यादा है, वहां ग्रामीणों आपसी सहयोग से नाव का संचालन भी शुरू कर दिया है।
घाघरा नदी कई दिनों तक देवारावासियों को दहलाने के बाद अब स्थिर हो गई है। नदी के जलस्तर का बढ़ाव रुक गया गया है। नदी के स्थिर होने से देवारावासियों ने राहत की सांस ली है। वहीं भले ही नदी के जलस्तर का बढ़ना थम गया है। लेकिन नदी की कटान पहले की भांति जारी है। पानी भरने से करीब दस की आबादी प्रभावित है। इन गांवों के संपर्क मार्गों पर पानी पहले ही तरह ही जमा है। लोग पानी के बीच से होकर आवागमन करने को विवश हैं। सोनौरा में संपर्क मार्ग पर पानी भर जाने से अजगरा मगर्वी, सोनौरा, झनझनपुर, झगरहवा आदि गांवों का संपर्क मार्ग बंद हो गया है। संपर्क मार्गों पर पानी चढ़ने के बाद भी प्रशासन की ओर से अभी तक नाव नहीं लगाई है। सोनौरा और मानिकपुर में ग्रामीणों ने खुद की व्यवस्था से नाव का संचालन शुरू कर दिया है। वहीं नदी तेजी से खेती योग्य भूमि को काटकर अपने आगोश में लेती जा रही है। किसान अपनी जमीन को घाघरा में विलीन होते देखने को विवश हैं। नदी के स्थिर होने के बाद भी जलस्तर अभी तक डिघिया में लाल निशान से ऊपर बना हुआ है।
स्थान मंगलवार बुधवार
डिघिया 70.58 70.58
बदरहुआ 71.19 71.19