कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पिपरिया धर्मशाला बाजार में मंगलवार देर शाम करीब सात बजे सड़क पार करते समय पिकअप की चपेट में आने से एक फर्नीचर कारोबारी विनोद विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के जयरामपुर पोखरपुर गांव निवासी विनोद विश्वकर्मा बेलहवा बाबा के पास फर्नीचर की दुकान चलाते थे। मंगलवार देर शाम दुकान से घर लौटते समय वह पिपरिया धर्मशाला बाजार में सब्जी और सुरती लेने के लिए रुके थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय बूढ़नपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। फरार पिकअप चालक और वाहन की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।