आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस के हत्थे उस समय एक बड़ी सफलता हाथ लग गई जब मुठभेड़ के दौरान चार शातिर चोर हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने इनके पास से चोरी की बाइक, मोबाइल व अवैध तमंचा व कारतूस भी बरामद किया है। चोरों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है।
एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मुबारकपुर थाना पुलिस मंगलवार की रात इस्लामपुरा के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो बाइक सवार चार युवक आते हुए दिखायी दिए। पुलिस टीम ने टार्च की रोशनी देकर दोनों को रुकने का इशारा किया। इस पर बाइक सवार चारों युवक बाइक मोड़ कर भागने का प्रयास किए और बाइक लेकर पलट गए। पुलिस टीम उनकी तरफ दौड़ी तो चारों सड़क किनारे स्थित खेत की तरफ भागे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम को लक्ष्य कर फायर कर दिया। पुलिस टीम ने खुद का बचाव करते घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया। उनके पास से पुलिस ने दो चोरी की बाइक, तीन चोरी की मोबाइल, दो तमंचा व कारतूस बरामद किया। पूछताछ में चोरों ने अपना नाम चांद मोहम्मद पुत्र एकलाख, साहब आलम पुत्र अब्दुल जब्बार, मासूम अली पुत्र गुलाम अली व मो. सादाब पुत्र मो. इस्लाम निवासी इस्लामपुरा शहीद नगर थाना मुबारकपुर बताया। चारों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है। एसपी ने बताया कि उक्त चारों बदमाश बाइक, मोबाइल चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। पूछताछ में काफी सुराग हाथ लगा है।