ईवीएम मशीन में गड़बड़ी किए जाने की सूचना से सपा के कार्यकर्ता सतर्क हो गए हैं। सपा कार्यकर्ताओं ने मतगणना केंद्र के पास ही अपना डेरा डाल दिया है। वहीं चकवल मतगणना केंद्र पर बुधवार की शाम पूर्व सांसद और फूलपुर पवई से सपा प्रत्याशी रमाकांत लाठी लेकर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि सरकार बेईमानी पर उतारू हो गई है।
रमाकांत यादव ने कहा कि यह सरकार बेईमानी पर उतारू है। प्रदेश में जगह-जगह ईवीएम को लेकर शिकायतें आ रही हैं। ऐसे में हम सबकी जिम्मेदारी है कि जब तक सभी सीटों के सर्टिफिकेट न मिल जाए तब तक हम सभी लोगों को काउंटिंग स्थल पर मौजूद रहें। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से अपील किया कि सपा की सरकार बनाने के लिए वह चकवल पहुंचकर सहयोग करें। जब तक सभी सीटों की सर्टिफिकेट न आ जाय तब तक काउंटिंग स्थल पर डटें रहें चाहे दिन हो या रात हो जाय। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन की ओर से अधिकारियों को धीमी काउंटिंग करने का निर्देश मिला है। जिन सीटों पर दो-चार हजार से हार हो रही है उन सीटों पर मतगणना धीरे की जाए। ताकि रात हो जाए इसलिए सभी लोग दिन रात की परवाह किए बगैर मतगणना केंद्रों पर जमे रहें।