मेहनाजपुर में मृतक के रोते परिजन और गांव की जुटी महिलाएं। संवाद
मेहनाजपुर (आजमगढ़)। करसड़ा गांव में मंगलवार की शाम को दो भाइयों के बीच एक फीट जमीन का विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई जगदीश विश्वकर्मा ने छोटे भाई ओमप्रकाश विश्वकर्मा (67) की हत्या कर दी।
पुलिस ने मृतक की पत्नी शांति विश्वकर्मा की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी बड़े भाई जगदीश विश्वकर्मा को बुधवार की सुबह पंचायत भवन गंगवल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडे को भी बरामद किया है।
सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि करसड़ा गांव निवासी जगदीश विश्वकर्मा और ओमप्रकाश विश्वकर्मा (67) के बीच रास्ते के लिए बीते कई सालों से विवाद चल रहा है। पुलिस ने हस्तक्षेप करके दोनों भाइयों में समझौता कराया था।
उसी रास्ते के पास मंगलवार की शाम को लगभग सात बजे ओमप्रकाश अपनी जमीन में सब्जी लगाने के लिए बांस से घेरेबंदी कर रहे थे। तभी जगदीश मौके पर पहुंचा और बांस को एक फीट पीछे हटाने के लिए कहा।
इसी बात के लिए दोनों भाइयों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर जगदीश ने बांस के डंडे से ओमप्रकाश पर हमला कर दिया। इससे वे घायल हो गए।
परिजन घायल ओमप्रकाश को पीएचसी लालगंज लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।