पवई। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत रविवार को पवई पुलिस ने सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से निशुल्क हेलमेट बांटे। इस दौरान थानाध्यक्ष पवई प्रदीप कुमार मिश्र ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए और ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।
कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। पुलिस टीम ने वाहन चालकों से हमेशा सीट बेल्ट लगाने, नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन न खड़े करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, वाहन के सभी दस्तावेज़ अद्यतन रखने, तथा नाबालिग बच्चों को वाहन न देने की अपील की। थानाध्यक्ष ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली जान-माल की हानि को रोकने के लिए सुरक्षित वाहन चलाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना और दुर्घटनाओं की रोकथाम करना है।
वाहन चालकों को पुलिस ने बांटे हेलमेट
आजमगढ़। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिले में पुलिस ने जगह-जगह अभियान चलाकर बिना हेलमेट के वाहन चालकों में हेलमेट का वितरण किया। यातायात नियमों की जानकारी दी। महराजगंज : महराजगंज थाना पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्य के नेतृत्व में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। बिना हेलमेट वाले चालकों के चालान भी काटे गए। थाना प्रभारी ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। चौकी प्रभारी ठेकमा राजेंद्र पटेल की देखरेख में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान 20 लोगों में हेलमेट और गुलाब का वितरण किया। इस मौके पर शिक्षक पुनीत कुमार श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल पवन यादव, नरेंद्र पटेल, नागेंद्र पटेल, पंकज यादव आदि मौजूद रहे। संवाद