फूलपुर सीएचसी में मरीजों को दवा लिखते डाक्टर। संवाद
बारिश के बाद मौसम में बदलाव और उमसभरी गर्मी के बीच फूलपुर और ग्रामीण क्षेत्रों में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। वायरल बुखार के साथ मलेरिया और टाइफाइड के मरीज भी सामने आ रहे हैं।
बृहस्पतिवार को फूलपुर सीएचसी की ओपीडी में मरीजों की भीड़ लगी रही। 225 से अधिक नए मरीजों की पर्ची बनी, जबकि करीब 20 पुराने मरीज भी उपचार के लिए पहुंचे।
सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि ओपीडी में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या अधिक है। इसके अलावा मलेरिया और टाइफाइड के मरीज भी आ रहे हैं। नजला, जुकाम, खांसी और खाज-खुजली से पीड़ित मरीज भी उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
जांच में करीब एक चौथाई मरीज टायफाइड से पीड़ित मिल रहे हैं। चिकित्साधीक्षक के अनुसार दूषित पानी, खानपान और गंदगी समेत कई कारणों से टाइफाइड हो सकता है।