आजमगढ़। बरदह थाना पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का इन्वर्टर, स्टेबलाइजर, बिजली के केबल, पायल, चोरी के औजार, 600 रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि दो मोटरसाइकिलों को सीज किया गया है। सभी आरोपी जौनपुर के रहने वाले हैं। आजमगढ़ और जौनपुर में वारदात करते थे।
सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि 28/29 मार्च की रात उसुरगांव स्थित एक एजेंसी का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया था। इस संबंध में थाना बरदह पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। विवेचना के दौरान 30 मार्च को बर्रा चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जहां से चोरी का सामान और औजार बरामद हुए।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में रेकी करते थे और रात में मकानों व दुकानों का ताला तोड़कर चोरी करते थे। पहचान छिपाने के लिए दस्ताने, मास्क और गमछा का इस्तेमाल करते थे और मोबाइल फोन एयरप्लेन मोड में रखते थे।
गिरफ्तार आरोपी
अंजनी मौर्या थाना गौराबादशाहपुर जनपद जौनपुर
- अभिषेक मौर्या थाना गौराबादशाहपुर जनपद जौनपुर
- राजकुमार त्यागी थाना लाइनबाजार जनपद जौनपुर
- सुमित मौर्या थाना गौराबादशाहपुर जनपद जौनपुर
- काजू पाल थाना गौराबादशाहपुर जनपद जौनपुर
सभी आरोपी आजमगढ़ और जौनपुर में वारदातों को अंजाम देते थे