आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर फेटी गांव बीते दो जून को एक निजी बॉडीगार्ड की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। पांच माह की विवेचना के बाद पुलिस ने मंगलवार की शाम इस सिलसिले में पांच लोगों को जमुआवां मोड़ से गिरफ्तार किया। उन्होंने पूछताछ में बताया कि परिवार की महिलाओं की गंदी निगाह रखने के कारण उसकी हत्या की गई।
मोहम्मदपुर फेटी गांव में 2 जून को मुहम्मद अकमल के निजी सुरक्षा गार्ड प्रदीप सिंह उर्फ बंटी जौनपुर के अमिहित में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मोहम्मद अकमल विरोधियों पर हत्या का आरोप लगाया था जबकि प्रदीप के भाई प्रमोद सिंह ने मोहम्मद अकमल पर इशारे पर शूटरों के जरिए हत्या करवाने का मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने सीसी कैमरे की फुटेज तथा मोबाइल की सीडीआर की जांच के आधार पर आरोपियों को चिह्नित किया। मंगलवार की शाम बरदह थाना प्रभारी रुद्रभान पांडेय ने भगवानपुर बाजार स्थित जमुआवां मोड़ पर दबिश देकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया। मोहम्मद अकमल, आदिल, गंभीरपुर क्षेत्र के छाऊ ग्राम निवासी दानिश, अरबाज एवं आसिफ गिरफ्तार किया गया है। दानिश व आदिल की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो 315 बोर तमंचे तथा स्पेलेंडर बाइक बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि प्रदीप परिवार की महिलाओं पर गंदी निगाह रखने लगा था, जिसके चलते उसकी हत्या की गई। इस मामले में सहदुल्ला, अबूजैश, अवनीश प्रजापति एवं सेराज उर्फ भुइला के नाम भी प्रकाश में आए हैं। उनकी तलाश की जा रही है।