मंदुरी एयरपोर्ट में टर्मिनल बिल्डिंग, एटीसी टॉवर, फायर स्टेशन, बूंब कूलिंग सिस्टम, फायर पिट, बेसिक स्ट्रिप, टैक्सी वे, बाउंड्री वॉल, क्रैश गेट, वॉच टावर, ओएचटी, बोरिंग, मेन गेट का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। वहीं, मंदुरी एयरपोर्ट को डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन से लाइसेंस 16 दिसंबर, 2022 को मिल गया था। इसकी पुष्टि डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन के कार्यवाहक मुकेश कुमार यादव ने की थी। सारी तैयारियां पूरी हो जाने के बाद भी अभी तक जिले का एयरपोर्ट नहीं शुरू हो सका था। ऐसे में जिले की जनता एयरपोर्ट के उद्घाटन की बाट जोह रही थी। उधर, तैयारियों को देख उम्मीद जताई जा रही कि इस बार उड़ान का सपना जरूर पूरा होगा।
विस्तारीकरण के पेंच में फंसा मंदुरी एयरपोर्ट
प्रदेश के रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (आरसीएस) के तहत आजमगढ़ के मंदुरी में हवाई पट्टी का विस्तार कर एयरपोर्ट बनाया गया है। इसके बाद वर्ष 2022 में इसे इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रुप में विकसित करने के लिए योजना बनाई गई। इसे लेकर किसानों की भूमि अधिग्रहण के लिए सर्वे का कार्य कराया गया, लेकिन किसानों के विरोध के चलते यह प्रक्रिया पूरी तरह से ठप हो गई। इसके विस्तारीकरण के विरोध में आज भी किसान आंदोलित हैं। उड़ान में देरी होने की मुख्य वजह इसे ही बताया जा रहा है।