बरदह। थाना क्षेत्र के खराट गांव में सोमवार दोपहर 12 बजे एक रिहायशी मड़ई में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। इस घटना में किशोर यादव और उनकी पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि दो बकरियां जलकर राख हो गईं। घर में रखा गेहूं, चावल, भूसा और अन्य सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया।
घटना के समय किशोर यादव और उनकी पत्नी के साथ मड़ई में सो रहे थे। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बकरियां आग की चपेट में आ चुकी थीं। किशोर यादव ने पास के पोखरे में कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन उनके पूरे शरीर पर छाले पड़ गए। उनकी पत्नी भी बुरी तरह झुलस गईं।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायल दंपती को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद दोनों को दवाइयां देकर घर भेज दिया गया। मौके पर लेखपाल रोहित यादव ने पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नुकसान की भरपाई के लिए सरकार से हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। संवाद