बलरामपुर। जिले के तीन थाना क्षेत्रों में दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों से 11 लोग घायल हुए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
सिधारी थाना क्षेत्र के मुहम्मदल्ला गांव में रविवार की रात 11 बजे भोजन को लेकर दो पक्षों में बीच विवाद हुआ। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक पक्ष से रामवृक्ष (70), रेखा (40) दुर्गावती (65) व अश्वनी (45) घायल हो गए।
वहीं दूसरी पक्ष से बंशु (28), लल्लन (20), मीना (55) व कुसुम (25) घायल हुए। सिधारी थाना प्रभारी शशिचंद्र चौधरी ने बताया कि मारपीट की कोई सूचना नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
रौनापार थाना क्षेत्र के सपहा पाठक गांव निवासी कैलाश पाठक (55) रविवार की शाम पांच बजे घर से निकले थे। रात 12 बजे उन्हें चिलबिली गांव के पास खेत में ग्रामीणों ने घायल देखा।
चिलबिली गांव के ग्राम प्रधान जलालुद्दीन ने उनके परिजनों को कैलाश पाठक के बेहोश मिलने की सूचना दी। परिजनो उन्हें जिला अस्पताल ले गए। जहां से हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
रौनापार थाना प्रभारी अनुपम जायसवाल ने बताया कि घटना की जानकारी अभी नहीं मिली है। वहीं, कंधरापुर थाना क्षेत्र के बरजी गांव निवासी कुसुम (40) पत्नी रविंद्र राम अपने मायके धरसन सामान लेने गई थीं।
कुसुम ने आरोप लगाया कि उसके भाई से विवाद हो गया है। भाई ने उसपर ईंट से हमला कर दिया। बीच बचाव करने आया प्रिंस (15) भी घायल हो गया। कंधरापुर थाना प्रभारी केके गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। दोनों पक्ष एक साथ बैठकर सुलह-समझौता कराया गया है।