सगड़ी। फर्जी बीएड की डिग्री के आधार पर नौकरी कर रहे एक शिक्षक के खिलाफ बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय की तहरीर पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को मुकदमा दर्ज किया। उक्त शिक्षक के घर की पते की जानकारी न होने के कारण यह मामला काफी दिनों से लंबित था। पते की जानकारी होने के बाद संबंधित शिक्षक के खिलाफ यह मुकदमा दर्ज किया गया है।
बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि एसआईटी की जांच में आगरा विश्वविद्यालय से फर्जी डिग्री लेकर जिले में 11 शिक्षक नौकरी करते हुए पाए थे। इनमें से आठ शिक्षकों की सेवा पहले ही समाप्त करते हुए एफआईआर दर्ज कराया गया था। तीन और शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर के लिए पुलिस को तहरीर दी गई थी। लेकिन इन लोगों ने स्कूल का पता दे रखा था। इनके घर का पता न होने के कारण एफआईआर दर्ज नहीं हो पाई थी। इसका पता लगने के बाद पुलिस ने जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के राजूपट्टी गांव निवासी सत्य प्रकाश पुत्र स्व. रामप्रसाद के खिलाफ धारा मुकदमा दर्ज किया है। सत्य प्रकाश हरैया ब्लाक के मऊकुतुबपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत थे। बीएसए ने बताया कि इन लोगों की सेवा समाप्ति के बाद यह हाईकोर्ट से स्टे ले आए जिसके आधार पर नौकरी कर रहे हैं। लेकिन अब यूनिवर्सिटी ने सर्टिफिकेट वापस जमा कराने का निर्णय लिया है। जैैसे ही यूनिवर्सिटी सर्टिफिकेट जमा कराती है इन्हें फिर बर्खास्त कर दिया जाएगा।