आजमगढ़। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने दो अलग-अलग विद्यालयों की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को 12 फरवरी को आवश्यक अभिलेखों सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बिलरियागंज को लेकर विभिन्न स्रोतों से प्राप्त शिकायतों के क्रम में सहायक शिक्षा निदेशक ने 3 फरवरी को विद्यालय का निरीक्षण किया।
इस दौरान 2025-26 में खाद्य सामग्री, स्टेशनरी एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीद, टेंडर प्रक्रिया, बजट आवंटन, खर्च, बिल-बाउचर, चेक इश्यू रजिस्टर, स्टॉक पंजिका सहित कई बिंदुओं पर साक्ष्ययुक्त स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं दूसरे मामले में महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, लखनऊ से प्राप्त आदेश के क्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय रानी की सराय का भी 3 फरवरी को उन्होंने निरीक्षण किया।
जांच में विद्यालय के लेखाकार बृजेंद्र उपाध्याय ने बिना ऑनलाइन अवकाश लिए अनुपस्थि रहे। साथ ही जांच में सहयोग नहीं किया। एडी बेसिक मनोज मिश्रा ने कहा कि शिकायत पर जांच की गई थी। जांच में इन लोगों द्वारा अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए, इसके कारण इन लोगों को अभिलेख के साथ तलब किया गया है ताकि शिकायतों की जांच पूरी की जा सके।