बलरामपुर। जिले के 77 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 2625 मरीजों ने पंजीकरण अपना इलाज कराया। 151 कुपोषित बच्चों की पहचान की गई।
डिप्टी सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय ने तरवा व चक्रपानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगे स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दवा वितरण, चिकित्सकीय परामर्श और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। डॉक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। दोनों स्थानों पर अपेक्षाकृत कम मरीजों की उपस्थिति पर उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारियों को जन जागरूकता बढ़ाकर अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि 77 स्थानों पर लगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में कुल 2625 मरीजों ने पंजीकरण कराकर इलाज कराया। इसमें लिवर रोग के 47, श्वसन के 244, गैस्ट्रो के 281, मधुमेह के 278, त्वचा के 279, टीबी के 15, एनीमिया के 39, उच्च रक्तचाप के 145 और अन्य बीमारियों के 1013 मरीज पाए गए।
इसके अलावा 130 एएनसी जांच, 151 कुपोषित बच्चों की पहचान, कोविड हेल्प डेस्क पर 216 मरीजों को परामर्श दिया गया। 33 आयुष्मान गोल्डन कार्ड वितरण किया गया।
उन्होंने बताया कि अन्य डिप्टी सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। सभी लोग सोमवार को अपनी रिपोर्ट सीएमओ के यहां प्रस्तुत करेंगे।