निजामाबाद के फरिहां पुलिस चौकी के पास से चोरी हुआ ट्रक दूसरे दिन रविवार को प्रतापगढ़ से बरामद हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस ट्रक को कब्जे में ले लिया। ट्रक फरिहां पुलिस चौकी पर रखकर पुलिस आवश्यक कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
निजामाबाद थाने के फरिहां बाजार निवासी दुकानदार मोहम्मद सालिम का ट्रक शुक्रवार की रात दुकान के बाहर से चोरी हो गया। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर ही रही थी। उधर घटना के बाद से ही क्षेत्र के अन्य ट्रक चालक भी अपने स्तर से पता लगाने में जुट गये। रविवार की सुबह निजामाबाद थाने के बघौरा गांव निवासी ट्रक चालक प्रमोद यादव रविवार को किसी काम से प्रतापगढ़ जा रहा था।
उसने चोरी हुआ ट्रक देख पीछा किया। साथ ही अपना ट्रक प्रतापगढ़ जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के लीलापुर चौकी के पास पेट्रोल पंप के पास सामने लगा दिया। इतने में चोर उस ट्रक को छोड़कर फरार हो गये। प्रमोद की सूचना पर सभी को जानकारी हुई। फरिहां चौकी के प्रभारी अनिरूद्ध सिंह ने बताया कि चोरी हुआ ट्रक बरामद कर लिया गया। चोर की तलाश की जा रही है।