तहबरपुर पुलिस द्वारा पकड़े गए गैंगस्टर एक्ट के आरोपी। श्रोत-पुलिस
- फोटो : katra news
आजमगढ़। तहबरपुर पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 22 मृत और तीन जीवित गोवंश मिलने के मामले में गैंगस्टर एक्ट में वांछित आकाश मिश्रा और उसके पिता नरेंद्र कुमार मिश्रा निवासी अंबेडकरनगर जिले के इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के फूलपुर इब्राहिमपुर को महुआर तिरंगा तिराहे से शनिवार की सुबह गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से भागे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। तहबरपुर थाना प्रभारी आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि तीन जून 2025 की रात पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 228.5 पर खड़े एक ट्रक से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी।
पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 25 गोवंश मिले। इनमें 22 मृत और तीन जीवित थे। पशु चिकित्सकों की टीम ने मृत गोवंशों का पोस्टमार्टम कराया। जीवित गोवंशों को उपचार के बाद गोशाला भेज दिया गया।
मामले में ट्रक सीज करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान वाहन स्वामी नरेंद्र कुमार मिश्रा, बुद्धराज पासवान, बरकत और आकाश मिश्रा उर्फ विशाल के नाम सामने आए।
जांच में पुलिस को पता चला कि यह गिरोह आर्थिक लाभ के लिए गो-तस्करी करता था। इनकी गतिविधियां कई जिलों तक फैली हुई हैं। इसके बाद गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि नरेंद्र कुमार मिश्रा के खिलाफ गो-तस्करी की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वहीं, आकाश मिश्रा उर्फ विशाल के खिलाफ अंबेडकर नगर में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का एक और तहबरपुर में गो-तस्करी से संबंधित प्राथमिकी दर्ज है।