चक्रपानपुर। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के व्यावसायिक, स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों के लिए 21 को प्रवेश परीक्षा होगी। परीक्षा विवि परिसर स्थित अकादमिक ब्लॉक-एक और दो में तीन पालियों में होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा नियंत्रक आनंद मौर्य ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार पहली पाली सुबह 9 से 11 बजे तक बीसीए एवं एमएससी (जंतु विज्ञान), दूसरी पाली दोपहर 12 से 2 बजे तक बीबीए, एमए (भूगोल) एवं एलएलएम तथा तीसरी पाली अपराह्न 3 से 5 बजे तक बीए-एलएलबी एवं एमबीए (एबीएम) की प्रवेश परीक्षा होगी। सभी प्रश्नपत्र बहुविकल्पीय आधारित होंगे। प्रश्नों का स्तर संबंधित पाठ्यक्रम की निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप रखा गया है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रवेश समिति के संयोजक डॉ. सियाराम शुक्ला ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें। प्रवेश पत्र के साथ वैध फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। बिना प्रवेश पत्र किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। उन्होंने बताया कि सभी अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र समर्थ पोर्टल पर जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपने लॉगिन के माध्यम से इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा से संबंधित किसी भी नई सूचना के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और समर्थ पोर्टल पर नियमित रूप से नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।