आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के धनारबांध गांव में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। एक पिता ने रविवार की रात दो युवकों के साथ मिलकर बेटी के प्रेमी की गला रेतकर हत्या कर दी। वहीं, जहानागंज थाने की पुलिस ने मामले का 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या में शामिल लड़की के पिता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी मुताबिक जहानागंज थाना क्षेत्र के धनारबांध गांव निवासी सागर राम ने थाने में तहरीर दी थी कि गांव के ही आशुतोष उर्फ आंशू, श्रवण कुमार और राजेंद्र ने उसके 22 वर्षीय पुत्र जयहिन्द की गला रेतकर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
इसे भी पढ़ें; UP Crime: धोखाधड़ी के आरोपी भाजपा के पूर्व एमएलसी प्रत्याशी के ठिकानों पर दबिश, कोर्ट ने घोषित किया है भगोड़ा
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि उक्त मामले की जांच क्षेत्राधिकारी आस्था जायसवाल को सौंपी गई थी। उनके नेतृत्व में सोमवार सुबह थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र की टीम ने मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को सुहेलदेव यूनिवर्सिटी मोड़, आजमबांध के पास से गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी राजेंद्र ने स्वीकार किया कि जयहिंद उसकी बेटी से बातचीत करता था, जिसे रोकने के बाद भी वह नहीं माना। इसी बात से नाराज होकर राजेंद्र ने अपने भांजे श्रवण और साथी आशुतोष के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और सुनसान धान के खेत में जयहिंद की गला रेतकर हत्या कर दी।