आजमगढ़। शौचालय निर्माण की सूचना न देन, मनमाने ढंग से कार्य करने, समय से सूचना उपलब्ध कराने पर खंड विकास अधिकारी पवई सर्वेश मोहन ने ग्राम पंचायत अधिकारी अखिलेश कुमार, ग्राम विकास अधिकारी पतिराम, विशाल चंद्रा और जयनाथ राम से स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिला तो निलंबन के कार्रवाई की संस्तुति कर दी जाएगी। वहीं एक शिकायत पर उन्होंने अंडिका गांव के ग्राम विकास अधिकारी जयनाथ राम को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
खंड विकास अधिकारी पवई सर्वेश मोहन ने बताया कि इन ग्राम पंचायत और ग्राम विकास अधिकारियों द्वारा शौचालयों का जियो टैग नहीं किया जा रहा है। शौचालय के खाते के बैलेंस के बारे में जानकारी नहीं दी जा रही है। ना ही सामुदायिक शौचालय का प्रस्ताव दिया जा रहा है। शौचालयों की धनराशि को लाभार्थियों के खाते में हस्तांतरित नहीं किया जा रहा है। एनएलओबी शौचालयों ऐसे शौचालय जिनका निर्माण अभी शुरू नहीं हुआ है उनकी सूची जमा नहीं की गई है। इस पर एडीओ पंचायत पवई के माध्यम से इन्हें साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने को कहा गया है। स्पष्टीकरण संतोषनक न मिलने पर इनके खिलाफ निलंबन के कार्रवाई की संस्तुति कर दी जाएगी। वहीं पवई विकास खंड के अंडिका गांव के ग्राम विकास अधिकारी जयनाथ राम शिकायत की जांच के लिए अभिलेख उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। इसके लिए खंड विकास अधिकारी ने उन्हें अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी कर अभिलेख उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। ऐसा न करने की दशा में उनके विरुद्घ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करने की चेतावनी दी गई है।